फोटो
मझारी पश्चिम में विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई के लिए भेजा
संतान नहीं होने से अवसाद में थी, पोस्टमार्टम कराने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। मझारी पश्चिम गांव में एक विवाहिता के फंदा लगाकर जान देने का मामला प्रकाश में आया है। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची असनहरा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
सोनहा थाना क्षेत्र के मझारी पश्चिम गांव की दुर्गावती (25) पत्नी जीतेन्द्र गौतम ने शुक्रवार सुबह कमरे में छत के हुक में रस्सी डालकर फंदा लगा लिया। पति जीतेंद्र कुमार ने बताया कि जब दुर्गावती ने फंदा लगाया तो वह खेत से घास लाने गया था। जब लौटा तो पत्नी को रस्सी पर लटका देखकर शोर मचाया और लोगों को जानकारी दी। थोड़ी ही देर में गांववालों की भीड़ घर पर जमा हो गई। आनन-फानन जीतेंद्र ने घटना की जानकारी ससुराल चैसार में ससुर द्वारिका प्रसाद को दी। दुर्गावती की मौत की सूचना मिलते ही मायके वाले भी मझारी पहुंच गए। दुर्गावती के रिश्तेदारों ने बताया कि जीतेन्द्र की शादी छोटी उम्र में ही हो गई थी। आठ साल पहले गौना हुआ था। लेकिन दुर्गावती को अभी तक कोई संतान नहीं थी। वह ससुर जगदेव, पति जीतेंद्र और दो देवर लाल चंद और विनय के साथ रहती थी। घर में सास और ननद भी नहीं हैं। सास की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी है। दुर्गावती ने फंदा क्यों लगाया, इसको लेकर सभी संशय में हैं। गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं। मायके वालों ने भी पति जीतेन्द्र के परिवार पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दुर्गावती के पिता द्वारिका प्रसाद की ओर से तहरीर देकर बताया गया है कि उनकी बेटी कोई संतान न होने को लेकर अक्सर अवसाद में रहती थी। साथ ही मौत का कारण स्पष्ट न होने से शव का पोस्टमार्टम कराने की अपील की गई है। इसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।