सदर तहसील में लेखपाल संघ ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक लेखपाल को कानूनगो ने रिलीविंग मांगने पर थप्पड़ जड़ दिया। इससे नाराज लेखपालों ने कानूनगो के कृत्य की निंदा करते हुए एसडीएम सदर व तहसीलदार सदर से कानूनगो पर कार्रवाई व गैर जिला स्थानांतरण की मांग की। सदर तहसील में तैनात लेखपाल अतुल कुमार श्रीवास्तव का चयन कस्टम विभाग में टैक्स असिस्टेंट पद पर हुआ है। अतुल लेखपाल की नौकरी छोड़ उक्त पद पर तैनाती चाहते हैं। वे ज्वाइनिंग के लिए नियमानुसार कानूनगो देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव से रिलीविंग देने को कह रहे थे। पिछले तीन दिनों से इसी को लेकर कानूनगो उन्हें दौड़ा रहे थे। अतुल का कहना है कि इसकी शिकायत उन्होंने एसडीएम सदर से की, मगर उन्होंने एसडीएम की बात को भी नहीं माने।
इसके बाद एसडीएम सदर ने उनसे अभिलेख मांग कर अपनी कार्रवाई पूरी करते हुए तहसीलदार को भेज दिया। तहसीलदार अनिल कुमार ने भी रिलीविंग की औपचारिकता पूरी कर कानूनगो को नोड्यूज देने का निर्देश दिया। बृहस्पतिवार को जब अतुल तहसीलदार से मिले तो उन्होंने तत्काल कानूनगो से मिलकर शेष औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। अतुल ने तहसीलदार से कानूनगो के व्यवहार की शिकायत की। इसके बाद वे कानूनगो देवेंद्र श्रीवास्तव के पास पहुंचे, जहां उन्होंने अपशब्द कहते हुए चरित्र पंजिका खराब करने की धमकी दी। अतुल के अनुसार उन्होंने चुप्पी साध ली, लेकिन इसी बीच कानूनगो ने उन्हें अपने पास बुलाकर थप्पड़ जड़ दिया। घटना से आक्रोशित लेखपाल संगठन के मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव व धर्मेंद्र कुमार ने इस मामले में कानूनगो के खिलाफ प्रशासनिक व विधिक कार्रवाई के अलावा गैर जनपद स्थानांतरण की मांग की है। तहसीलदार अनिल कुमार रस्तोगी ने कहा कि मामला संज्ञान में है। अधिकारियों से इस मुद्दे पर बातचीत हुई है। जांच चल रही है। कार्रवाई होगी।