लिफ्ट मांगा और मार दी गोली, घायल
30 जून की वारदात, अब भी जांघ में फंसी है गोली
15 दिन बाद थाने पहुंचे पीड़ित ने बताई आपबीती
आठ के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के अधेड़ी जंगल में 30 जून को लिफ्ट मांग कर एक युवक को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गोली अब भी पीड़ित की जांघ की हड्डी में फंसी है।
घटना के 15 दिन बाद थाने पहुंचे अख्तर ने बताया कि हमलावर ने उसके घरवालों को जान से मारने की धमकी देकर उसकी जुबान बंद करा दी थी। सूचना के बाद थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह टीम घटनास्थल पहुंचे और छानबीन की। पीड़ित से भी फिर से घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना 15 दिन पहले की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता बार-बार अपना बयान भी बदल रहा है। ऐसे में हर पहलू की गहनता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
गनेशपुर चौरवा निवासी अख्तर (30) के अनुसार 30 जून की शाम उसने पड़ोस गांव के एक परिचित व्यक्ति को बाइक पर लिफ्ट दी थी। आरोप है कि बाइक को उसने अधेड़ी जंगल की तरफ मोड़ने को कहा तो अख्तर ने मोड़ लिया। फिर जंगल में ही बाइक से उतारने को कहा। उसे उतारने के बाद अख्तर ने बाइक मोड़ी तभी असलहे से अख्तर के कमर के नीचे गोली मार दी। गोली जांघ में फंस गई। अख्तर का कहना है कि वही शख्स दवा कराने ले गया और धमकी दी कि अगर इस घटना के बारे में किसी को बताया तो पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा। गोली अब भी अख्तर की जांघ में है और पस निकल रहा है। रविवार को थाने पर पहुंच कर अख्तर के शिकायत करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित ने आठ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।