रुधौली थाना क्षेत्र के कुचुरुआ गांव रविवार को शादी में डीजे पर नाचने को लेकर वर व वधू पक्ष के कुछ लोगों में मारपीट हो गई। मारपीट होते देख दूल्हे का पिता मौके से गायब हो गया। स्थिति इस कदर बिगड़ गई की कन्या पक्ष ने दूल्हे को बंधक बना लिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो स्थिति सामान्य हुई और शादी की रस्म अदा की गई।
रविवार को कुचुरुआ निवासी मितिराम की नातिन लक्ष्मी की शादी सोनहा थाना क्षेत्र के पचमोहनी निवासी जनार्दन पुत्र विश्राम के साथ होनी थी। चूंकि लक्ष्मी बचपन से ही कुचुरुआ में अपने नाना मितिराम के पास रहती थी ऐसे में पिता श्रीराम ने उसका विवाह भी यहीं से कर रहे थे। गाजे-बाजे के साथ बारात दरवाजे पर पहुंची ही थी कि शराब के नशे में चूर कुछेक बारातियों ने डीजे पर नाचने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मारपीट होने पर कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हे को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक केडी सिंह, एसआई रविंद्र सिंह, कांस्टेबल अवनीश सिंह, आजम खां ने दोनो पक्षों को समझा-बुझा कर शादी संपन्न करवाई।