केस दर्ज होने से गुस्से में अभियंता, विरोध में ज्ञापन
अभियंता संघ ने आयुक्त और डीएम को ज्ञापन दिया
मुख्य अभियंता समेत चार पर दर्ज है एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। 11 मई को हुए बिजली हादसे में मुख्य अभियंता समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इससे बिजली विभाग के अभियंता नाराज हैं। शुक्रवार को अभियंता संघ व राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसके बाद अभियंताओं ने कमिश्नर अनिल सागर व डीएम डॉ. राजशेखर को ज्ञापन देकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
अभियंता प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को अभियंता संघ के क्षेत्रीय सचिव राजकुमार सिंह व अवर अभियंता संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में आयुक्त कार्यालय पहुंचा। आयुक्त की गैर मौजूदगी में अपर आयुक्त को ज्ञापन दिया। सचिव राजकुमार के मुताबिक अपर आयुक्त ने जांच कराने का आश्वासन दिया है। इसके बाद डीएम डॉ. राजशेखर को ज्ञापन दिया। संघ अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि डीएम ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। प्रतिनिधिमंडल में एसके मिश्रा, वीके मिश्रा, संतोष कुमार, छोटेलाल, हेमंत सिंह, अमित कुमार, राम इकबाल प्रसाद, एलबी यादव, मनोज कुमार, आशुतोष लाहिड़ी, जितेंद्र कुमार मौर्य, अभिषेक कुमार, अशोक पाल, बृज किशोर, रविशंकर, प्रिंस कुमार, जय प्रकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।
बैठक में आंदोलन की चेतावनी
बस्ती। मालवीय रोड स्थित संगठन कार्यालय में बैठक में अवर अभियंताओं ने केस वापस नहीं लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार उपाध्याय के अध्यक्षता में हुई बैठक में कप्तानगंज विधायक की अभियंताओं से अभद्रता पर नाराजगी जताई गई। 11 मई को कप्तानगंज क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई थी। संघ अध्यक्ष का कहना है कि घटना के बाद वितरण खंड हर्रैया एक्सईएन, एसडीओ व अवर अभियंता विधायक से मिलने गए थे। लेकिन विधायक ने बात सुनने के बजाय दुर्व्यवहार किया। चेतावनी दी गई है कि मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, एक्सईएन, एसडीओ व जेई के खिलाफ दर्ज केस वापस लिए जाएं नहीं तो संघ आंदोलन पर मजबूर होगा।