महराजगंज। फोरलेन पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ककुआ राउत के सामने सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग किसी वाहन की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बजाय परिवार के लोग शव लेकर चले गए। ककुआ राउत गांव के राम महेश रविवार सुबह पांच बजे के आसपास नित्यक्रिया के लिए निकले थे।
हाइवे के पार करने के दौरान किसी वाहन की चपेट में आ गए, जिससे घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण किसी की नजर शव पर नहीं पड़ी। उजाला होने के बाद जब आसपास के लोगों ने सड़क पर शव पड़ा देखा तब परिवार के लोगों को भी जानकारी दी गई। लोग बगैर पोस्टमार्टम के शव लेकर गांव चले गए। कप्तानगंज के एसओ रोहित प्रसाद का कहना है कि परिवार के लोग जैसा चाहेंगे,उसी अनुसार पुलिस कदम बढ़ाएगी।
नितक्रिया के लिए निकले ककुआ राउत गांव के राम महेश के घर शौचालय बना है। यदि प्रयोग में लाते तो शायद दुर्घटना के शिकार नहीं हुए होते। लोगों के मुताबिक ककुआ राउत गांव ओडीएफ के लिए चयनित हुआ है। जागरूकता की कमी तथा धन उपलब्ध न हो पाने से अभी शौच मुक्त गांव नहीं हो सका है। राम महेश के घर पर पिछले वर्ष ही शौचालय बन चुका था जो प्रयोग में लाया भी जा रहा है। ग्राम प्रधान के पति राम प्यारे वर्मा ने बताया कि इस वर्ष 25 शौचालय बनकर तैयार हैं जिनकी एक किश्त ही मिल पाई है। दूसरी किश्त नहीं मिलने से अधर में लटका हुआ है। बताया कि ब्लॉक कार्यालय से पता लगता है कि धन ही नहीं आया है।