हर्रैया (बस्ती)। फोरलेन स्थित कप्तानगंज कस्बे के चौराहे पर शनिवार दोपहर ट्रैक्टर ट्रॉली में बाइक भिड़ने से दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी एक ही बाइक से जा रहे थे। हादसा ट्रैक्टर चालक के अचानक चौराहे से दाहिने मुड़ने के चलते हुआ। सीएचसी के डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब एक बजे बस्ती से फैजाबाद की ओर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर चालक जा रहा था। कस्बे के चौराहे पर पहुंचते ही चालक ने अचानक ट्रैक्टर को टिनिच जाने वाली सड़क की तरफ मोड़ दिया। दूसरी लेन में अयोध्या से दर्शन कर बाइक से आ रहे अजय कुमार अचानक सामने आ गए। ट्रैक्टर ट्रॉली को देखकर बाइक सवार अनियंत्रित हो गया। बाइक सीधे ट्रैक्टर ट्राली से जा भिड़ी। दुर्घटना में बाइक पर बैठी रिंकी (28) पत्नी उमेश, ननद रेनू (18) वर्ष तथा आठ माह की बेटी शिवान्या निवासी बढ़नी थाना नगर सहित बाइक चला रहे सिद्धार्थ नगर जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी रिश्तेेदार अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही महिलाओं में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग जुटे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सूचना पर परिवार और अन्य लोग पहुंच गए। सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
हादसा होते ही कस्बे के लोग जुट गए। इस दौरान दोनों लेन पर आवागमन ठप हो गया। बाद में पहुंची पुलिस ने यातायात बहाल कराया। सड़क पर करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही।