बस्ती। सिद्धार्थनगर के बांसी तहसील में तैनात लेखपाल ने संतकबीरनगर के बखिरा क्षेत्र की रहने वाली बीए छात्रा को नौकरी का झांसा देकर तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण करने के मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है। आरोप है कि लेखपाल ने दो सहयोगियों की मदद से अश्लील वीडियो व फोटो बना लिया था और छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था। इससे आजिज आकर पीड़िता पुलिस के पास पहुंची। दो दिन तक टालमटोल के बाद मामला डीएम डॉ. राजशेखर तक पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करती थी। दिल्ली से संतकबीरनगर आने-जाने के लिए बस व ट्रेन से सफर करती थी। करीब तीन वर्ष पूर्व बस से सफर में उसकी फैजाबाद रोडवेज पर चाय पीने के दौरान जयशंकर से उसकी मुलाकात हुई। कोतवाल एमपी चतुर्वेदी के मुताबिक पीड़ित छात्रा की तहरीर पर लेखपाल जयशंकर उपाध्याय व उसके दो साथियों के खिलाफ गैंगरेप, धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। आरोप है कि लेखपाल नौकरी दिलाने के बहाने उसे अपने दो दोस्तों के साथ बस्ती के किसी स्थान पर ले जाया करते थे, यहां उसके साथ रेप करते थे। दो क्लिप भी वायरल हुआ है, जिसमें दोनों आपत्तिजनक हालत में दिखाई दे रहे हैं। मगर यह वीडियो किसने बनाकर वायरल किया और उसमें दिख रहे दो लोग लेखपाल और छात्रा ही हैं, इस बारे में पुलिस पुख्ता तौर पर कुछ बताने से बच रही है। कहा जा रहा है कि इस वीडियो की पुष्टि कराई जा रही है। पीड़िता ने तहरीर में लिखा है कि उसे ब्लैकमेल कर लगातार शोषण होने पर जब वह विरोध करने लगी तो सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करके बदनाम करने व जान से मारने की धमकी देने लगे।