बस्ती के गणेशपुर चौकी क्षेत्र के शेखपुरा गांव में जमीन विवाद में जमकर लाठियां चटखीं। पथराव भी हुआ। दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत करीब आठ लोग जख्मी हुए हैं। वाल्टरगंज पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
गांव की जमीन को लेकर पिछले महीनों से दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी। घायल उर्मिला का आरोप है कि चौकी पुलिस को कई बार इस बारे में सूचना दी गई थी। मंगलवार को कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों से लाठी, डंडे के अलावा ईंट, रोड़े फेंके गए। इस दौरान एक पक्ष की उर्मिला, मीरादेवी, कमलावती, सुभावती, रमावती, राम खेलावन माझी, दीनानाथ, सोमई तथा दूसरे पक्ष के देवतादीन, विजय राम, सीता देवी घायल हो गईं। उर्मिला देवी ने धारदार हथियार से हमले का आरोप लगाया है।
दूसरे पक्ष की मीरा देवी का कहना है कि उनके ऊपर भी धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों के सिर में चोटें आई और खून से लथपथ थाने पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया। छानबीन शुरू कर दी है। घायल उर्मिला देवी ने चौकी पुलिस पर आरोप लगाया कि कई बार पुलिस चौकी पर शिकायत की। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी थानाध्यक्ष अमरेश यादव ने बताया कि मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से तहरीर मिल गई है घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी ।