बस्ती। परशुरामपुर पुलिस ने घघौआ चौकी के पास गोवंशीय पशु लदे ट्रक को रोककर उसमें से 15 गोवंशीय पशु बरामद किया है। मौके पर दो लोगों को पकड़ा गया है, जबकि तीसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा।
घघौआ पुलिस चौकी इन्चार्ज रामा प्रसाद को रविवार की देर रात मुखबिर ने सूचना दी कि जानवरों से लदा एक ट्रक फैजाबाद की तरफ से बस्ती की ओर जा रहा है। पुलिस ने हाइवे पर देर रात उस ट्रक को पकड़ लिया। उसपर सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक अन्य भागने में सफल हो गया।
ट्रक के अंदर 15 गोवंशीय पशु मिले। इन्हें ट्रक में ठूंस कर भरा गया था। पकड़े गए लोगों में ट्रक चालक कृष्ण कुमार पुत्र सूरज निवासी घोसटी थाना सुखपुरा जिला बलिया व सुरेश पुत्र सुराजी निवासी बरवां थाना सुखपुरा जिला बलिया शामिल है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर पकड़े गए दोनों लोगों पर गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। बरामद गोवंशीय पशु गोकशी के लिए ले जाए जा रहे थे। पशुओं को अभी थाना परिसर में रखा गया है।