चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक सहित चार पर मुकदमा दर्ज
मिल कर्मी को धमकाने और अपहरण करने का लगा आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। कस्बे में स्थित बभनान चीनी मिल में फिटर पद पर तैनात श्रमिक नेता के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित के पुत्र की तहरीर पर छपिया पुलिस ने मिल के मुख्य महाप्रबंधक सहित चार के खिलाफ अपहरण व धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के कुंडली गांव निवासी मनोज कुमार सिंह ने छपिया पुलिस को दी तहरीर में मुख्य महाप्रबंधक सहित चार लोगों पर आरोप लगाया है। कहा है कि उसके पिता रविंद्र सिंह बभनान चीनी मिल में फिटर पद पर तैनात हैं। साथ ही शुगर मिल श्रमिक संघ के महामंत्री भी हैं। श्रमिकों की आवाज उठाने पर मिल प्रबंधतंत्र ने उन्हें सेवा मुक्त कर दिया। बाद में कोर्ट के हस्तक्षेप से चीनी मिल ने दोबारा तैनाती दी। कहा है कि श्रमिकों की आवाज उठाने पर उन्हें मिल प्रबंधन की ओर से धमकियां मिलती थीं। यह बात मेरी बहन से भी बताई थी। कहा कि मिल के मुख्य महाप्रबंधक अजय दुबे, श्रमिक नेता करुणा शंकर सिंह व उनका भतीजा संजय सिंह धमकी देते हैं कि यदि प्रबंध तंत्र से लड़ोगे तो अंजाम बुरा होगा। उसके बाद से ही उसके पिता घर से गायब है। थानाध्यक्ष छपिया श्याम बहादुर सिंह ने कहा तहरीर मिली थी, जिसके आधार पर उक्त तीनों नामजद और एक अन्य के खिलाफ अपहरण व धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।