कलवारी (बस्ती)। थाना क्षेत्र के गंगउपुर के खातेदार का एटीएम कार्ड बदल कर एकाउंट से दो लाख बीस हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। खाता धारक के पुत्र श्याम सुंदर की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
श्याम सुंदर के मुताबिक चार जुलाई को अपने पिता राम नयन का एटीएम कार्ड लेकर गांधी नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर निकालने गया। पहली बार में दो हजार और दो बार 10-10 हजार रुपये निकालने की कोशिश की लेकिन नहीं निकला। तभी लाइन में खड़े एक व्यक्ति ने अपने हाथ में कार्ड लेकर आठ हजार रुपये निकाल दिया। मगर जब 19 जुलाई को वह दोबारा कलवारी और गांधीनगर एटीएम पर गया तो पैसा नहीं निकला। 20 जुलाई को एसबीआई गायघाट ब्रांच पर पूछताछ करने गया तो मैनेजर ने कार्ड बदलने की बात बताई तो वह दंग रह गया। एकाउंट का डिटेल निकालने पर दो लाख बीस हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने की बात सामने आई।
------------------
इसी महीने सामने आए कई मामले
- पुरानी बस्ती में पीएनबी शाखा की मैनेजर सुजाता गौड़ के खाते से हैकरों ने 45 हजार रुपये उड़ा दिए। मुकदमा दर्ज करके पुलिस छानबीन कर रही है।
- कोतवाली थाना क्षेत्र के सियरापार निवासी गिरिजेश के एकाउंट से 25 हजार रुपये ऑन लाइन शापिंग कर ली गई।
- मंझरिया रंजीत निवासी राहुल को जालसाज ने फोन करके फंसाया लेकिन उसने गोपनीय जानकारी नहीं दी तो बच गया।
- कुदरहा में बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र खोलने के नाम पर फर्जी संस्था ने ढाई लाख रुपये ऑन लाइन मंगाकर हड़प लिया। कलवारी में मुकदमा दर्ज हुआ है।