घटतौली में तौल लिपिक पर मुकदमा दर्ज
गन्ना विकास समिति गौर ने दर्ज कराया मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के जिलेबीगंज (मुसहा बरहपेड़ा) गन्ना क्रय केंद्र पर रविवार को हुई घटतौली के मामले में मंगलवार को मुकदमा दर्ज हुआ है। गौर पुलिस ने गन्ना विकास समिति की तहरीर पर तौल लिपिक पर जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया है।
बलरामपुर चीनी मिल यूनिट बभनान के गन्ना क्रय केंद्र जिलेबीगंज (मुसहा बरहपेड़ा) में किसानों ने घटतौली का आरोप लगाकर तौल लिपिक को पीट दिया था। इसके चलते गन्ना तौल बंद हो गई थी। लिपिक की तहरीर पर चार लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। किसानों की मांग पर दो दिन बाद मंगलवार को जिला गन्ना अधिकारी की मौजूदगी में मुसहा के स्वामीनाथ के बैलगाड़ी पर लदे गन्ने का तौल कराया गया और तीन क्विंटल 60 किलो की घटतौली मिली।
इस मामले में पुलिस ने गन्ना विकास समिति गौर के सचिव राम पुकार सिंह की तहरीर पर तौल लिपिक गड़हा पांडेय गांव निवासी रामजी पांडेय पर जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है ।