पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रसूलपुर गाँव में युवती का शव मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स।
मानिकचंद बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक युवती का शव घर के छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला है। पिता की सूचना पर पहुंचे सीओ आलोक प्रसाद, फॉरेंसिक टीम व थानाध्यक्ष महेश सिंह ने शव कब्जे में ले लिया है।
सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासि अंजलि सोनी (18 ) पुत्री गुलाबचंद सोनी का शव घर के छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटका था। रविवार की दोपहर में उसकी मां मीरा जो बकरी चराने गई थी, लौटी तो दरवाजा खोलते ही बेटी का शव लटके देख चिल्लाने लगी। उसका शोर सुनकर ग्रामीण भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तत्काल पिता गुलाब को दी। घर पहुंचे पिता गुलाबचंद सोनी व भाई छट्ठीलाल ने शव उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर सीओ सिटी आलोक प्रसाद व थानाध्यक्ष महेश सिंह मय फोर्स पहुंचे।
पिता गुलाबचंद ने पुलिस को बताया कि घर पर कोई नहीं था। मैं और बेटा दुकान गए थे, जबकि पत्नी बकरी चराने निकल गई। घर पर सिर्फ अंजली ही थी। उसने क्यों यह कदम उठाया कोई जानकारी नहीं है। मेरी दुश्मनी भी किसी से नहीं है। सीओ सिटी आलोक प्रसाद ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।