हाईटेंशन तार में छू गई हरे बांस की लग्गी, शख्स की मौत
पैकोलिया (बस्ती)। थानाक्षेत्र के परसा गना गांव की बाग में आम के पेड़ से लकड़ी तोड़ते समय 55 वर्षीय आशाराम चौहान करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे से लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परसा गना निवासी आशाराम चौहान मजदूरी करके जीवन यापन करते थे। मंगलवार को सुबह वह गांव की बाग में हरे बांस की लग्गी लेकर पहुंचा। आम के पेड़ की डाल तोड़ने लगा। उस पेड़ के ऊपर से होकर 33/11 केबी लाइन गुजरी है, जिसके तार से लग्गी छू गई। वहां के रामनाथ पाठक ने बताया कि बांस की लग्गी हरी होने की वजह से उसे करंट का तेज झटका लगा। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पत्नी कोइलसा, बेटा राकेश, पुत्री संगीता का रो रोकर बुरा हाल है।