बस्ती। सोनहा थाने के मुड़वरा में मिट्टी पाटने की बात को लेकर हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। शोभा देवी का आरोप है कि गांव के विपक्षियों ने भैंस नहलाने व मिट्टी पाटने की बात को लेकर एक राय होकर उन्हें व उनके बेटे शिवकुमार को लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया और जानमाल की धमकी दी। पुलिस ने मुड़वरा निवासी प्रेमप्रकाश, लालबहादुर, मालती, विमला, अमित, सुमित, विन्ध्यवासिनी और अनामिका के खिलाफ केस दर्ज किया है। संवाद
-
पैमाइश के दौरान लाठी-डंडे से मारापीटा
बस्ती। मुंडेरवा थाने में तहरीर देकर कोतवाली के बड़ेवन डमरुआ निवासी शुभम विश्वकर्मा ने बताया है कि वह अपने मामा के घर मुंडेरवा थाने के देवरिया माफी आए थे। यहां पैमाइश के दौरान विपक्षियों ने उनके पिता को अपशब्द कहा। उसने कारण पूछा तो लाठी-डंडे से मारपीट कर जानमाल की धमकी दी गई। पुलिस ने देवरिया माफी निवासी गिरजेश चौधरी, अनिल चौधरी और राजेश चौधरी के खिलाफ केस दर्ज किया है। संवाद
-
पति व सास पर दहेज उत्पीड़न का केस
बस्ती। लालगंज पुलिस ने पति व सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। इसी थाने की चित्राखोर गांव निवासी रीना देवी का आरोप है कि ससुराल में दहेज में चार लाख रुपये की मांग को लेकर पति विशाल चंद्र और सास संध्या देवी ने प्रताड़ित किया। मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद