40 हजार ले भागे उचक्के
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान (बस्ती)। गौर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बभनान स्थित यूनियन बैंक की शाखा से पैसा निकाल घर जा रहे व्यक्ति का 40 हजार उचक्कों ने उड़ा लिया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुट गई हैं। प्रभारी निरीक्षक गौर पंकज कुमार गुप्ता का कहना है कि फुटेज में दिख रहे दो संदिग्ध की तस्दीक कराई जा रही है।
गौर थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव निवासी राम निवास ने बताया कि पत्नी के नाम से प्रधानमंत्री आवास मिला है। जिसकी पहली किस्त की रकम में से यूनियन बैंक की शाखा से 40 हजार रुपये निकाला। झोले में रुपये रखकर साइकिल में टांग लिया और अपनी पत्नी के साथ घर के लिए चल दिया। इसी बीच कस्बे के विजय नगर तिराहे पर अपने लड़के के लिए अंडरवियर खरीदने लगा। इसी दौरान उचक्कों ने ब्लेड से झोला फाड़ दिया और रुपये लेकर चंपत हो गए। पीड़ित ने बताया कि यह पैसा उसके पत्नी को मिले आवास बनाने के लिए उसके खाते में आया था। जिसे निकालकर वह घर जा रहा था । मौके पर पहुंची गौर पुलिस यूनियन बैंक सहित कस्बे के अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में लगी हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द पर्दाफाश कर देंगे।