शतक लगाने वाले बल्लेबाज को मैन आफ द मैच का पुरस्कार देते अतिथि स्रोत आयोजक
बस्ती। खैर इंटर कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड पर शुक्रवार बस्ती स्टेडियम वर्सेस महाराजगंज इलेवन बस्ती के बीच मैच खेला गया। जिसमें बस्ती स्टेडियम में महाराजगंज पर 114 रन से धमाकेदार जीत दर्ज की।
निर्धारित 30 ओवर के मुकाबले में बस्ती स्टेडियम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बस्ती स्टेडियम ने 30 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 349 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसमें दो बल्लेबाजों का शतक शामिल है। टीम की ओर से सौरभ पाल ने शानदार 105 रन, अभिनव मिश्रा ने 100 और मोहम्मद आमिर ने 85 रनों की पारी खेली।
महाराजगंज इलेवन बस्ती की तरफ से मनमोहन और मनीष कुमार जैक्सन ने दो-दो विकेट, अब्दुल काशिफ ने एक विकेट लिया। 349 के जवाब में उतरी महाराजगंज-11 बस्ती की टीम 29.3 ओवर में 235 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से अब्दुल काशिफ ने 97 रन, आशीष चौहान ने 40, देवेश पांडेय 32 रनों की पारी खेली। बस्ती स्टेडियम की तरफ से श्रेयांश, अथर्व, अरमान और हार्दिक पांडेय ने दो-दो विकेट लिए।
इस मुकाबले को बस्ती स्टेडियम ने 114 रनों से जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी करने वाले सौरभ पाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। कोच आलोक वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।