बस्ती। जनपद में 16 अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण होना है। हर अंत्येष्टि स्थल के निर्माण पर 24.36 लाख खर्च होंगे। पहली किस्त के रूप में 18-18 लाख रुपये के दर से सात ग्राम पंचायतों को 1.26 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। पहली किस्त जारी होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
शासन की ओर से पहली किस्त नहीं मिलने से अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण का मामला अधर में लटका था। करीब सात महीने बाद पहली किस्त जारी कर दी गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 16 अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण का लक्ष्य मिला है। इसको लेकर जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कार्य होना तय है। पंचायती राज विभाग को अब तक सात प्रस्ताव मिले हैं। सभी सात ग्राम पंचायतों में 18-18 लाख रुपये का बजट भेज दिया गया है। एक अंत्येष्टि स्थल का निर्माण 24 लाख 36 हजार रुपये की लागत से होना है। इसके लिए बजट दो किस्तों में जारी किए जाने का प्रावधान है। पहली किस्त में 18 लाख तो दूसरी किस्त में शेष धनराशि छह लाख 36 हजार रुपये जारी किए जाएंगे।