जमीन बेचने के बाद कमीशन के लिए करता था परेशान
बस्ती के रुधौली का मामला, पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली (बस्ती)। नगर पंचायत क्षेत्र के शास्त्रीनगर में दंपती ने बृहस्पतिवार सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। बेटे के शोर मचाने पर लोगों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पति की मौत हो गई। जबकि डॉक्टर ने पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस आत्मघाती कदम के पीछे जमीन बेचने और बिचौलिए के कमीशन का विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शास्त्रीनगर के मध्यनगर के मजदूरी करने वाला 30 वर्षीय नवल किशोर, 27 वर्षीय पत्नी आरती और तीन बच्चों 10 वर्षीय अनुराग, 8 वर्षीय सत्यम और दो वर्ष की एक बेटी के साथ अपना मकान बनवाकर रहता था। पिता और दो भाई अलग रहते हैं। बताया जा रहा है परिवार के पास 20 बीघा जमीन थी। इसमें से दो बीघा जमीन गांव के एक शख्स की मदद से नवल किशोर ने चुपके से बेच दी। शख्स ने जब कमीशन की मांग की तो नवल टाल-मटोल करने लगा।
इसपर उस शख्स नवल के भाइयों को जमीन बेचने की बात बता दी। भाई उस रकम में हिस्सा मांगने लगे। सूत्रों ने बताया कि रुपये खर्च हो चुके थे इसलिए नवल दबाव में आ गया और पत्नी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस को नवल किशोर के पिता गबोधर उर्फ बाबूराम ने बताया कि घर के पीछे बने झोपड़ी में जहरीले पदार्थ की पुड़िया, स्टील व प्लास्टिक का गिलास मिला। वहीं, प्रभारी थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह में जहर खाने का मामला लग रहा है, लेकिन जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस और बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।