बस्ती। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को अब नवाचार का पाठ पढ़ाया जाएगा। वह दूसरे राज्य जाकर शिक्षण कार्य में उपयोग किए जा रहे अत्याधुनिक तौर-तरीके सीखेंगे। जिसके लिए प्रत्येक ब्लाक से दो-दो शिक्षकों को चयनित किया जाएगा। प्रशिक्षण लेने के बाद जिले के अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों से जुड़े व अन्य जरूरी कार्यों को ऑनलाइन किया जा चुका है। अब स्मार्ट क्लास के माध्यम से छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा देने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में शिक्षकों के सामने तकनीकी समस्या न आये जिसको लेकर इन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। यह मास्टर ट्रेनर शिक्षक अपने ब्लाक के दूसरे शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। विभाग स्मार्ट क्लास को सही तरीके से चलाने के लिए शिक्षकों को दूसरे राज्य से प्रशिक्षण के लिए भेजा जायेगा। वहीं प्रशिक्षित शिक्षक अपने जिले में उन सभी स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। जहां स्मार्ट क्लास या तो संचालित किए जा रहे हैं या शुरू होने वाले हैं। विभाग इन प्रशिक्षित शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में चिह्नित करेगा।
बीएसए डाॅ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि उन स्कूलों की सूची भी मंगवाई गई है, जो स्मार्ट क्लास के माध्यम से बेहतर शिक्षा दे रहे हैं। विभागीय अधिकारी जल्द प्रशिक्षण की तारीख तय करने में लगे हैं। शिक्षकों की सूची जल्द जारी किया जाएगा।