गौर ब्लॉक में बनाए अब तक जा चुके हैं 1200 सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। सहकारिता विभाग की समृद्ध योजना के तहत हर किसान परिवार से एक सदस्य बनाया जाएगा। विभागीय लोग इसके फायदे बताते हुए किसानों से संपर्क कर रहे हैं। गौर ब्लॉक क्षेत्र में संचालित 13 साधन सहकारी समितियों के तहत अब तक करीब 1200 सदस्य बनाए जा चुके हैं। सदस्यता अभियान 30 सितंबर तक संचालित किया जाएगा।
साधन सहकारी समितियों से किसानों को उर्वरक, बीज अन्य कृषि निवेश उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन समितियों के सदस्यों की संख्या कम होने के कारण किसान ज्यादा दिलचस्पी नहीं लेते हैं। अब सरकार हर किसान परिवार से एक साधन सहकारी समिति का सदस्य बना रही है। इसका किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
एडीओ सहकारिता राजीव लोचन पाठक ने बताया कि समिति का सदस्य बनने पर किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण महज तीन प्रतिशत ब्याज दर पर सहकारिता विभाग से मिलेगा। बताया कि क्षेत्र में 13 समितियां हैं। इसके अंतर्गत 1200 सदस्य बनाए जा चुके हैं। प्रत्येक किसान परिवार से एक सदस्य बनाने की योजना है। बताया कि समितियों के चुनाव में सदस्यों को हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। इच्छुक किसान साधन सहकारी समिति के सचिव से मिलकर फार्म भरवाकर बैंक में 211 रुपये जमा कर रसीद प्राप्त कर सकते हैं।
...
सहकारिता आयुक्त ने सदस्य बनने के फायदे गिनाए
भानपुर। रामनगर ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को समिति सदस्यता अभियान के तहत ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह के नेतृत्व में बैठक हुई। इसमें अपर सहकारिता आयुक्त डीएम मिश्रा ने सदस्य बनने के फायदे बताए। इस मौके पर संयुक्त निबंधक अशोक गुप्ता, सहायक निबंधक आशीष कुमार, एडीओ रमाकांत शुक्ला, मृत्युंजय सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद