बस्ती। 100 बेड महिला अस्पताल हर्रैया में नए उपकरण खरीद के लिए बजट स्वीकृत हुआ है। शासन स्तर से धनराशि मंजूर होने के बाद कार्य की रूपरेखा तैयार की जा रही है। हर्रैया क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ऑपरेशन और नॉर्मल प्रसव की सुविधा बेहतर तरीके से मिले इसके लिए 100 बेड महिला अस्पताल खोला गया। संचालन के लिए डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य सुविधाएं दी गईं, लेकिन कई जरूरी मशीनें और उपकरण न होने से उपचार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अब शासन स्तर पर भेजे गए प्रस्ताव की मंजूरी मिल गई है। इसके लिए बजट जारी हुआ है।
करीब नौ लाख रुपये नए उपकरण और अन्य सुविधा पर खर्च किए जाएंगे। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि बजट का आवंटन हुआ है। खाते में धनराशि आने पर संबंधित अस्पताल में कार्य कराए जाएंगे। सीएमएस डॉ. सुषमा जायसवाल ने बताया कि धनराशि से कई नए उपकरण खरीदे जाएंगे। इससे सेवा और बेहतर होगी।
अभी यहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड समेत अन्य जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। माना जा रहा है कि नए बजट में इस सुविधा को शुरू कराया जा सकेगा। इससे गर्भवती को उपचार में आसानी आएगी।