महादेवा में गैस सिलिंडर के लिए लाइन में खड़े लोग। संवाद
महादेवा। रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। सोमवार की सुबह जैसे ही महादेवा बाजार स्थित एचपी गैस एजेंसी पर सिलिंडर वितरण की सूचना मिली, सुबह करीब पांच बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में उपभोक्ता एकत्र हो गए। लंबी लाइन लग गई।
गैस लेने के लिए लोग तीन अलग-अलग कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई महिलाएं और बुजुर्ग भी सुबह से लाइन में लगे रहे। करीब कई घंटे तक इंतजार के बाद जब एजेंसी का कार्यालय खुला तो भीड़ बेकाबू होने लगी। हालांकि, एजेंसी पर पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध न होने के कारण स्थिति और भी खराब हो गई। सिलिंडर सीमित संख्या में होने की वजह से करीब 80 प्रतिशत गैस उपभोक्ताओं को निराश होकर घर लौटना पड़ा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गैस सिलिंडर की किल्लत बनी हुई है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस को लेकर एक दशक पहले वाली स्थिति उत्पन्न होने लगी है। गैस एजेंसियों और गोदामों पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलिंडर के साथ लाइन लगा रहे हैं।
शनिवार को रसोई गैस की कीमत में अचानक 60 रुपये का उछाल आया है। अब प्रति सिलिंडर का कीमत 975 रुपये हो गया है। चौतरफा रसोई गैस के किल्लत होने का शोर मच गया है। इसीलिए उपभोक्ता अपने घरों के खाली सिलिंडरों को एडवांस भरवाकर रखना चाह रहे हैं।
भानपुर क्षेत्र के तहसील क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों के गोदामों पर सुबह से ही लोग खाली सिलेंडर के साथ लाइन लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। भानपुर क्षेत्र में तीन गैस गोदाम है। एक एजेंसी के मैनेजर संतोष सिंह ने बताया की यहां कुल 29,000 उपभोक्ता पंजीकृत है। गैस की किल्लत जैसी कोई स्थिति नहीं है।