- लालगंज क्षेत्र के बारीघाट का मामला, चार दिन से सिलिंडर नहीं आने से नाराज थे लोग
- पुलिस के समझाने पर एक घंटे बाद माने
लालगंज। रसोई गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने मंगलवार को एजेंसी बारीघाट कार्यालय के सामने हंगामा किया। इसके बाद लालगंज-महादेवा मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
बता दें कि, लालगंज बाजार के बारीघाट गांव में स्थित उदय हिंदुस्तान गैस एजेंसी पर मंगलवार भोर में 4 बजे उपभोक्ताओं की भीड़ एकत्रित हो गई। लगातार चार दिन से गैस न मिलने से उपभोक्ताओं की भीड़ इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि बुकिंग के बाद भी गैस सिलिंडर समय से मिल नहीं रहा।
उपभोक्ता राजकुमार यादव ने बताया कि चार दिन से गैस एजेंसी का चक्कर लगा रहे है। बुकिंग होने के बाद भी अभी तक सिलिंडर नहीं मिल पाया है। नंदलाल ने बताया कि गैस एजेंसी पर चार दिन से गैस नहीं आया है। इसके चलते कतार लगाने के बाद भी रसोई गैस नहीं मिल पा रहा है। कहा कि सिलिंडर न मिलने से भोजन बनाने में समस्या हो रही है। चार दिन से लगातार आ रहे है, पर गैस कब मिलेगा यह कोई बताने वाला नहीं है।
इसी बात को लेकर लोगों ने लालगंज-महादेवा मार्ग जाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक सड़क जाम रहा। इस बीच वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इस संबंध में एसओ विनय पाठक ने बताया कि रसोई गैस को लेकर लोगों ने कुछ देर के लिए जाम लगाया था। समझा-बुझाकर मामला शांत किया गया।