- कार्यदायी संस्था लैकफेड को काली सूची में डालने की डीएम ने दी चेतावनी
- गौर में भी इसी संस्था का काम पाया गया था गुणवत्ता विहीन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लैकफेड की ओर से हर्रैया एवं गौर में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का छात्रावास निर्माण कराया गया है। इन दोनों स्थानों के निर्माण की जांच तकनीकी टीम ने की। हर्रैया स्थित छात्रावास की रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने 10 लाख रुपये रिकवरी के आदेश दिए हैं। यही नहीं गौर स्थित नव निर्मित छात्रावास की रिपोर्ट शीघ्र देने का निर्देश भी दिया है। डीएम ने लैकफेड को चेतावनी दी है कि वह निर्माण कार्यों में सुधार लाए, अन्यथा उन्हें काली सूची में डाल दिया जाएगा। संस्था के अन्य कार्यों की जांच के लिए बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति को जांच करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
डीएम प्रियंका निरंजन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण 95 प्रतिशत पूरा हो गया है। जुलाई से इसमें नए शिक्षण सत्र शुरू होने की संभावना है। पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया है कि विद्यालय के अप्रोच मार्ग का स्टीमेट शीघ्र प्रस्तुत करें। आईटीआई चिलवनिया का अप्रोच मार्ग भी तैयार करने के लिए निर्देशित किया है।
पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई जा रही सड़कों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सड़क खोदाई का वीडियो वायरल होने के बाद भी संबंधित जेई पर कार्रवाई न करने पर नाराजगी व्यक्त की। इसके लिए संबंधित सहायक अभियंता की जिम्मेदारी तय की है। एक्सईएन को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। इस कार्य के ठेकेदार को काली सूची में डालने के लिए शासन को संस्तुति भिजवाने का भी निर्देश दिया है। डीएम ने सीडीओ को निर्देश दिया कि पीडब्ल्यूडी की सड़कों का जिला स्तरीय टीम से सत्यापन कराएं।
इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, सीएमओ डॉ. आर.पी. मिश्रा, बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, पीडी कमलेश सोनी, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, डीसी एनआरएलएम रामदुलार, उपायुक्त मनरेगा संजय शर्मा, अर्थ एवं संख्या अधिकारी मो.सादुल्लाह आदि मौजूद रहे।