13.59 करोड़ से बन रहे तीन कस्तूरबा विद्यालय, भानपुर और साॅऊघाट का निर्माण पूरा होने से छात्राओं को मिलेगी सहूलियत
बस्ती। जिले में 13.59 करोड़ रुपये से तीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं को शिक्षा मिलेगी। अभी हैंडओवर प्रक्रिया लंबित होने के चलते शिक्षा सत्र 2026-27 में पढ़ाई शुरू होगी कि नहीं, इस पर अभी संशय बना हुआ है।
जिले में 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में कक्षा आठ तक की छात्राओं को शिक्षा दी जाती है। शासन से इन स्कूलों में शिक्षा सत्र 2023-24 में उच्चीकृत कर कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा व्यवस्था लागू कर दी थी। इसके लिए सभी 13 विद्यालयों के अकादमिक भवन और आवासीय भवन बनाए जाने को मंजूरी दी गई थी, जिनमें से 10 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में आवासीय भवन का निर्माण कराकर उसे हैंडओवर करा दिया गया है। यहां पर पढ़ने वाली बच्चियों को बगल के इंटर कॉलेज में प्रवेश दिलाकर आगे की पढ़ाई कराई जा रही है।
हॉस्टल की सुविधा मिलने से बेटियों को सहूलियत मिल रही है। बताया गया कि, दो परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं। एक का निर्माण कार्य अभी चल रहा है। इनमें एकेडमिक भवन के साथ हॉस्टल की भी सुविधा रहेगी। बेटियां एक ही परिसर में पढ़ाई के साथ रह सकेंगी। बताया गया कि दोनों परियोजनाओं को जल्द ही हैंडओवर कर दिया जाएगा। इससे चालू शिक्षा सत्र में बेटियों की पढ़ाई होने की उम्मीद इन विद्यालयों में बढ़ गई है। विभाग का कहना है कि तकनीकी जांच हो चुकी है। रिपोर्ट के आधार पर अब हैंडओवर की प्रक्रिया चल रही है। सत्र 2026-27 से इन भवनों में कक्षा 9 से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। बताया गया कि करीब 1100 से अधिक बेटियों को पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी।
परशुरामपुर के खीरीबाग में बन रहा भवन
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खीरीबाग परशुरामपुर में 4.53 करोड़ की लागत से एकेडमिक और हॉस्टल भवन बनाए जा रहे हैं। अगस्त 2023 में परियोजना स्वीकृत हुई थी। इसे 28 फरवरी 2026 में पूरा करना था, मगर निर्माण गति धीमी होने के चलते अभी तक परियोजना पर सिर्फ 81 प्रतिशत कार्य हो सका है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस तेजी से निर्माण करा रहा है।
भानपुर और सांऊघाट में तैयार हुआ भवन
कस्तूरबा विद्यालय भवन और सांऊघाट में नया अकादमिक और हॉस्टल बनकर तैयार हो गया है। एक-एक परियोजना 4.53 करोड़ की है। भानपुर में अगस्त 2023 में परियोजना स्वीकृत हुई थी, दिसंबर 2025 में पूरा दिखाया गया है। तकनीकी जांच हो चुकी है। अब हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू है। इसी प्रकार सांऊघाट में 4.53 करोड़ की स्वीकृत परियोजना को 31 दिसंबर 2025 तक पूर्ण कर लिया गया है। हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू है।
10 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में हॉस्टल की सुविधा है। यहां की बेटियां बगल के इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रही हैं। तीन विद्यालयों के भवन व हॉस्टल बन रहे हैं। जल्द ही हैंडओवर हो जाएंगे। इसके बाद यहां पढ़ाई शुरू करा दी जाएगी।
- अनूप कुमार, बीएसए, बस्ती