एथेनॉल की फैक्ट्री में रखी मशीन। इसी महीने में यह फैक्ट्री शुरू होगी।
बस्ती। वैश्विक निवेशक सम्मेलन में हुए निवेश समझौते को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। यहां पर करीब 20 उद्यमी अपने 1,000 करोड़ रुपये की इकाइयों का निर्माण कार्य इसी माह से शुरू कर देंगे।
जनपद में 190 निवेशकों ने 4,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। वैश्विक निवेशक सम्मेलन में निवेश समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद निवेशक इसे धरातल पर उतारने की तैयारी में जुटे हैं। निवेशकों की ओर से 1,000 करोड़ रुपये की इकाइयों का निर्माण का रास्ता साफ हो गया। अधिकतर निवेशकों ने औद्योगिक इकाई का भूमि पूजन करा लिया है। तीन सौ करोड़ की लागत से बनने वाली अनीता डिस्टिलरी और 50 करोड़ की लागत से बनने वाले विनोद इंडस्ट्रीज की एथनाल फैक्ट्री, रैकवार उद्योग की ओर से 35 करोड़ के निवेश से ई-रिक्शा इकाई का निर्माण कार्य इसी महीने शुरू करने की तैयारी है। इसी प्रकार फर्नीचर फैक्ट्री, स्टेशनरी यूनिट और पेपर मिल स्थापना का करार करने वाले निवेशकों में से अधिकांश के पास खुद की जमीन है। इन निवेशकों ने विभिन्न विभागों से जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र भी ले लिया है। कई की बैंक ऋण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
-
20 निवेशकों ने अपनी इकाइयों का निर्माण कार्य अप्रैल में ही शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इन इकाइयों पर करीब एक हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। अन्य निवेशक भी अपने निवेश को धरातल पर उतारने की तैयारी में जुटे हैं। -हरेेंद्र प्रताप यादव, डीसी उद्योग