किसी भी परीक्षा में नकल करते पकड़े जा चुके लोगों की पुलिस खंगाल रही कुंडली
वर्तमान गतिविधि के बारे में कराया जा रहा सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। किसी भी परीक्षा में नकल करते पकड़े जा चुके जिले के 18 सौ लोगों का पुलिस सत्यापन करा रही है। उनकी ताजा गतिविधियां, पेशा और क्रियाकलाप के बारे में ब्योरा जुटाया जा रहा है। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि थाने स्तर पर सत्यापन के लिए टीमें लगाई गई हैं। आधे से अधिक लोगों का सत्यापन कराया जा चुका है। बाकी का जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
पुलिस भर्ती परीक्षा को बेदाग संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन ने सभी तरह के हथकंडे आजमाने से पीछे हट नहीं रहा है। कहीं से कोई चूक न रह जाए, इसके लिए फूंक-फूंक कर कदम रखे जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब तक किसी परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े जा चुके अभ्यर्थियों की कुंडली खंगालने का प्रयास शुरू किया गया है। हाईस्कूल इंटरमीडिएट से लेकर विभिन्न प्रतियोगी या प्रवेश परीक्षाओं में अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े जा चुके लोग शामिल हैं। इसके लिए बाकायदा डाटा निकाले गए। इसके बाद इसकी संख्या करीब 18 सौ निकलकर आई।
जिले में 12 केंद्रों पर परीक्षा होनी है। इन पर 41 हजार 400 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की संभावना है। परीक्षा में 425 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इसके अलावा 12 केंद्र और इतने ही सहायक केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो परीक्षा प्रभारी बनाए गए हैं। पुलिस परीक्षा में पारदर्शिता के लिए इस बार वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। परीक्षा 23 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी। पांच दिन तक चलने वाली परीक्षा दो पाली में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर तीन से पांच बजे तक होगी।
पुलिस परीक्षा के अभ्यर्थियों को रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा के लिए परिचालकों को अपना प्रवेश पत्र दिखाना पड़ेगा। इसे ही पास माना जाएगा। इसकी एक कॉपी परिचालक को देनी होगी। उसे रिकॉर्ड में रखा जाएगा। अभ्यर्थी अपने साथ प्रवेश पत्र की एक फोटो कॉपी लेकर ही बस में चढ़े।
...
एडमिट कार्ड डाउनलोड शुरू
- पुलिस भर्ती बोर्ड की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड होने शुरू हो गए हैं। 23 अगस्त को होने वाली परीक्षा के एडमिट कार्ड आज से डाउनलोड हो रहे हैं। 24 अगस्त को होने वाली परीक्षा के एडमिट कार्ड रात 12 से डाउनलोड होना शुरू होंगे।
...
पहले केवाईसी, फिर मिलेगा प्रवेश
दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले सॉल्वर को परीक्षा में शामिल होने से रोकने के लिए जिन अभ्यर्थियों के आधार का उनके दस्तावेजों जैसे फोटो, नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, फिंगरप्रिंट आदि का मिलान नहीं हुआ है, उन्हें ढाई घंटे पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर आकर ई-केवाईसी करानी होगी। बाहर से ई-केवाईसी कराने पर वह मान्य नहीं होगी। भर्ती बोर्ड की कोशिश है कि अधिक से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हों, इसके लिए पैन कार्ड, ई-आधार, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट में से कोई भी एक दस्तावेज सही पाए जाने पर उन्हें परीक्षा में शामिल होने दिया जाएगा। हालांकि, बाद में उनके दस्तावेजों की गहनता से परीक्षण का कार्य जारी रहेगा। वहीं जिन अभ्यर्थियों का ई-केवाईसी करने के दौरान गड़बड़ी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
..
धार्मिक चिह्नों पर प्रतिबंध नहीं
- अभ्यर्थियों के अनुरोध पर परीक्षा केंद्र में धार्मिक चिह्न जैसे मंगलसूत्र, कड़ा आदि धारण करने पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। बोर्ड ने सभी केंद्रों के कमरों के लिए घड़ियां भी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई हैं। वहीं जिला प्रशासन की ओर लॉकर की व्यवस्था की जाएगी, जिसकी पर्ची को अभ्यर्थी अपने साथ ले जा सकेंगे।