विकास भवन का घेराव कर ज्ञापन देते कांग्रेसी स्रोत पार्टी
बस्ती। जिले में मनरेगा निर्माण सामग्री और मजदूरों के बकाया भुगतान में हो रही देरी को लेकर मंगलवार को कांग्रेसियों ने धरना-प्रदर्शन कर विकास भवन का घेराव किया। कहा कि मनरेगा मजदूर पिछले करीब 75 दिनों से मजदूरी न मिलने से परेशान हैं।
जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि प्रदेश में करीब 2000 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान लंबित बताया जा रहा है। मजदूरों के सामने रोजमर्रा के खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है और कई परिवार कर्ज लेकर गुजारा करने को मजबूर हैं। राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर तत्काल भुगतान की मांग की है। उनका कहना है कि मनरेगा जैसी योजना का उद्देश्य ही गरीबों को आर्थिक सुरक्षा देना है, लेकिन भुगतान में देरी से योजना की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लगभग छह माह से रोजगार सेवकों का मानदेय नहीं मिला, जिसके कारण उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया। वहीं, डीसी मनरेगा के देरी से आने के कारण कांग्रेसी उग्र हो गए और वहीं धरने पर बैठ गए। विकास भवन के मुख्य गेट को बंद कर बाहर लगभग एक घंटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में ज्ञापन सौंपा।
पूर्व प्रदेश सचिव अनिल भारती, जिला उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह, महासचिव राहुल चतुर्वेदी, जिला कोषाध्यक्ष नर्वदेश्वर शुक्ला, मो. रफीक खा, जिला मनरेगा काऑर्डिनेटर साधु शरण आर्य, डॉ. वाहिद सिद्दीकी, अलीम अख्तर, अमर बहादुर शुक्ला आदि मौजूद रहे। संवाद