बस्ती में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंकते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : BASTI
पहले ही दिन पुलिस से कांग्रेसियों की झड़प
नगर बाजार(बस्ती)। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन के पहले ही दिन पुलिस से नगर बाजार में झड़प हुई। समर्थकों के साथ व्यापारियों को पर्चा बांट रहे अखिल भारतीय पंचायत परिषद के राष्ट्रीय महासचिव राना दिनेश प्रताप सिंह को पुलिस ने निषेधाज्ञा का हवाला देकर रोका और केस दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी। इससे नाराज राना ने कहा कि धारा 144 के बावजूद महीने भर चली भाजपा की पदयात्रा को रोकने की पुलिस हिम्मत नहीं जुटा पाई। अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कानून का पाठ पढ़ा रही है। सत्तासीन नेताओं और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में घंटों शहर में तोड़फोड़ की गई मगर गिरफ्तारी नहीं की गई। आगाह किया है कि प्रशासन निष्पक्ष कराई की आदत डाल लें। कार्यक्रम में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज सिंह, डब्लू सिंह राना, राजकेश उपाध्याय, अजीत सिंह, सर्वजीत उपाध्याय, पंकज सिंह, राम जनक, बेचन, रोहित यादव, रवि कुमार आदि मौजूद रहे। उधर, बस्ती में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंका।