हर्रैया। कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा 17 नवंबर को अमोलीपुर मंदिर से शुरू होकर शृंगीनारी मंदिर तक जाएगी। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यात्रा में राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, अभिषेक शुक्ला और राम आधार जोसेफ समेत प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बताया कि यात्रा के दौरान करीब दस स्थानों पर किसान चौपाल लगाकर किसानों को उनकी समस्याओं और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसमें सैकड़ों किसान और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा के जरिये खाद की घटती मात्रा, उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने, गन्ना मूल्य और कृषि लागत के मुकाबले किसान सम्मान निधि कम होने जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। इस दौरान किसानों को वोट चोरी के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैया यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद