हर्रैया। एसडीएम पर हमले के विरोध में लेखपालों व तहसील कर्मियों का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है। अधिवक्ताओं और लेखपालों के बीच की रार खत्म होती नहीं दिख रही है।तहसील के सभी लेखपालों व कर्मियों ने सोमवार को भी धरना जारी रखने का निर्णय लिया है। ऐसे में सोमवार को होने वाला संपूर्ण समाधान दिवस भी खटाई में पड़ सकता है। फरियादियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को तहसील खुलेगी।
बृहस्पतिवार को तहसील में उस समय हड़कंप मच गया था जब अपने कार्यालय की तरफ जा रहे एसडीएम मनोज प्रकाश पर एक अधिवक्ता ने हमला कर दिया। आरोप है कि अपने मुवक्किल के पक्ष में केस का फैसला नहीं होने से नाराज अधिवक्ता महिनाथ त्रिपाठी ने एसडीएम पर हमला किया। सुरक्षा कर्मियों ने बीच बचाव कर एसडीएम को बचाया। बाद में एसडीएम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी महिनाथ त्रिपाठी के साथ दो अन्य अधिवक्ताओं पर केस दर्ज किया। घटना के बाद से ही तहसील में माहौल तनावपूर्ण है। शुक्रवार को लेखपाल संघ के साथ तहसील में कार्यरत राजस्व विभाग के कर्मियों ने आरोपी अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
धरने में तहसीलदार पंकज गुप्ता व सभी नायब तहसीलदार शामिल हुए थे। सीओ संजय सिंह व तहसील बार संघ के अध्यक्ष उमाकांत तिवारी के साथ पीड़ित एसडीएम मनोज प्रकाश व प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के बीच शुक्रवार को घंटों बातचीत हुई मगर कोई हल नहीं निकला। शनिवार और रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने से सोमवार को तहसील खुलेगी। इसी दिन संपूर्ण समाधान दिवस भी है। जानकारोंं का कहना है कि लेखपाल संघ आरोपी अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी तक धरने पर अड़ा रहा तो संपूर्ण समाधान दिवस प्रभावित होगा।
तहसील अध्यक्ष कृष्ण मोहन पटेल ने कहा कि रविवार को हुई संगठन की बैठक में सोमवार को भी हरैया तहसील के सभी लेखपाल व कर्मियों ने धरना देने का निर्णय लिया है।