बस्ती। जनपद में ग्रामीण क्षेत्र की 25 बदहाल सड़कों की दशा जल्द सुधरेगी। इसके लिए शासन ने 18.45 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। यह काम त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत होंगे। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कार्यदायी संस्था नियुक्त किया गया है। टेंडर की प्रक्रिया शुरू है।
10 ब्लॉकों से जनप्रतिनिधियों की ओर से प्राप्त प्रस्ताव को विभाग ने शासन को भेजा था, जिसकी स्वीकृति मिल गई है। इसमें सात सड़क हर्रैया ब्लॉक की, बस्ती सदर में एक, कप्तानगंज में एक, गौर में एक, रुधौली में एक, बहादुरपुर में तीन, बनकटी में छह, परशुरामपुर में एक, विक्रमजोत में तीन, कुदरहा में एक सड़क शामिल है। इन सड़कों की लंबाई 29 किमी. के करीब है।
इन सड़कों के बन जाने से ग्रामीण राहगीरों के आवागम में सहूलियत होगी। गांव से मुख्य सड़क की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बताया गया कि 25 सड़कों के बन जाने से 100 से अधिक गांवों की 50 हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। सड़क बन जाने के बाद वाहन चालक फर्राटा भर सकेंगे।
इन सड़कों का होगा कायाकल्प : हर्रैया में खरका देवरी पिच मार्ग से पिपरहिया छोटका पुरवा संपर्क मार्ग का निर्माण, गौर में ग्राम अईलाकला से नौडिहवा पुरवा होते हुए धधरिया कंचनपुर छोटा पुरवा तक पिच रोड निर्माण, हनुमानगंज सुरूवार कला मार्ग से कूडी खुटहना बनकटिया में पिच रोड का निर्माण, कोठवा भरतपुर पिच रोड से ककराई गांव सरहद एवं लाल बहादुर के घर से होते हुए बस्ती रिंग रोड तक पिच रोड निर्माण, बनकटी में ककरौली अनुसूचित बस्ती से खिरिहवां पुलिया तक पिच निर्माण, बनकटी में रामकेवल के घर से अमरडोभा जूनियर हाईस्कूल तक पिच निर्माण, बनकटी में अमरडोभा गुमानारी मार्ग अमरडोभा पुलिया से राम प्रसाद चौधरी के घर तक सड़क निर्माण, बनकटी में चैनपुरवा बगिया से गुमानारी पिच रोड तक सड़क निर्माण, बनकटी में सिरौता से पुरवा शिव मंदिर तक पिच निर्माण। बहादुरपुर में खम्हरिया इंटरलाॅकिंग से मकदूमपुर पिच रोड होते हुए पठानपुर मुनिराम के ट्यूबवेल तक पिच निर्माण, बहादुरपुर में गौरिया पिच रोड से दौलत चक पिच रोड तक पिच निर्माण परसरामपुर के मदनापुर टाॅवर से नंदनगर नेवादा मार्ग उदयपुर तक पिच रोड निर्माण, विक्रमजोत में नगरा काली मंदिर से कोटिया रामजानकी मंदिर तक पिच रोड, विक्रमजोत के ग्राम सभा औरंगाबाद हंसराजपुर तक पिच रोड निर्माण, विक्रमजोत के ग्राम जैतापुर में आबादी के दक्षिण से बंधा होते हुए ब्रहम बाबा रमवापुर दक्षिण आबादी तक सड़क निर्माण, हर्रैया के ग्राम बडहर कला में काशी के घर से पारस पांडेय के घर तक पिच रोड निर्माण। हर्रैया के ग्राम पंचायत मझोवा बाबू में काली माता स्थान से बृजेश सिंह के घर तक पिच रोड निर्माण, हर्रैया के ग्राम नगरा दूबे में रामसजीवन पांडेय के घर से डुहरिया गांव तक पिच रोड निर्माण, हर्रैया में भीम उपाध्याय के घर से पिनेसर घाट तक पिच रोड का निर्माण, हर्रैया में सागर प्रधान के खेत से ठाकुर प्रसाद वर्मा के घर तक पिच रोड का निर्माण।
हर्रैया में ग्राम पंचायत दिवाकरपुर में हसीनाबाद विक्रमजोत मार्ग से बेलमरिया हसीनाबाद सीसी रोड तक पिच रोड निर्माण, कुदरहा में रसूलपुर पुलिया से कोलपुरा कुदरहा संपर्क मार्ग तक पिच रोड निर्माण। बनकटी के ग्राम पंचायत कठैचा सीसी रोड से बडगोपुर होते हुए गोसाईंजोत सरहद पर इंटरलाॅकिंग तक पिच रोड निर्माण, कप्तानगंज में नगर बाजार कप्तानगंज मार्ग पर सरैया मिश्र जू. हा. स्कूल से गडहा गौतम बनकटा संपर्क मार्ग तक पिच रोड निर्माण कार्य, बस्ती सदर के ग्राम पंचायत हलुआपार में प्राथमिक विद्यालय से ग्राम सुकरौली होते हुए धौरहरी गौरा घाट पिच रोड तक पिच रोड का निर्माण किया जाना है।