बस्ती। कमिश्नर अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलीय समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में हुई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही, विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पीएम सूर्यघर, मुख्यमंत्री आवास, फैमली आईडी, सेतु निगम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, फार्मर रजिस्ट्री, गेहूं खरीद, भूसा खरीद, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छता मिशन, विद्युत आपूर्ति व अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं व परियोजनाओं की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने विशेष रूप से लंबित एवं धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि आमजन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिससे जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि हीटवेव से बचने के लिए समस्त चिकित्सालयों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।