बभनान। कस्बे के मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या से राहगीरों को निजात नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को स्टेशन चौराहे से हर्रैया तिराहे और चीनी मिल से विजयनगर चौराहे तक करीब दो किलोमीटर के दायरे में जाम लगा रहा। करीब एक घंटे तक वाहन रेंगते रहे। जाम में फंसकर राहगीरों और बाजार करने आए लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन
त्योहारी सीजन के चलते बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। मंगलवार दोपहर मुख्य चौराहों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबा जाम लग गया। दुकानों के सामने सड़क की पटरियों पर ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े होने के साथ ही ठेले भी लगे रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, लेकिन इसके बाद भी जाम की समस्या बनी हुई है।