- मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान कमिश्नर ने दिए निर्देश, 15 दिनों के भीतर कार्यों को पूर्ण कराएं
-सीएंडडीएस के अधीन 18 कार्यों में मात्र तीन कार्य और सेतु निगम के 13 कार्यों में सिर्फ 4 कार्य पूरे
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान कुछ अधिकारियों की ओर से सटीक जवाब न मिलने पर आयुक्त अखिलेश सिंह बिफर पड़े। उन्होंने हिदायत दी कि सभी मंडलीय अधिकारी अपने विभाग से संबंधित निर्माणाधीन परियोजनाओं का पहले स्वयं निरीक्षण कर लें। वस्तुस्थिति से अवगत होने के बाद समीक्षा बैठक में हिस्सा लें।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण करने से कार्यदायी संस्था पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय- समय पर दबाव बनेगा। इस दौरान 50 लाख एवं उससे अधिक की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें सड़कों का कार्य शामिल नहीं था। आयुक्त ने कहा कि निर्धारित समयावधि में शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य पूर्ण करना है। सीएंडडीएस बस्ती के अधीन स्वीकृत 18 कार्यों के सापेक्ष मात्र तीन कार्य पूर्ण पाए गए। सेतु निगम के 13 कार्यों के सापेक्ष 4 कार्य पूर्ण मिले। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए वर्ष में 15 दिवस के भीतर कार्यों को पूर्ण कराएं। सभी नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं की जांच आख्या समय से प्रस्तुत करें। बैठक का संचालन उप निदेशक अर्थ एवं संख्या अमजद अली अंसारी ने किया। इस मौके पर अपर आयुक्त प्रशासन राजीव पांडेय, सीडीओ जयदेव सीएस, संयुक्त निदेशक कृषि अविनाश चंद्र तिवारी समेत तमाम मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।