हर्रैया महिला अस्पताल का हस्तांतरण न होने पर आयुक्त खफा
मंडलीय समीक्षा बैठक में कार्यदायी संस्था को तत्काल भवन हस्तांतरित करने के निर्देश
बस्ती। महिला अस्पताल हर्रैया 100 बेड के कई माह पहले पूरा होने के बाद भी कार्यदायी संस्था की ओर से स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित न किए जाने पर मंडलायुक्त गोविंद राजू एनएस ने नाराजगी जताई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि तत्काल इसे प्राप्त करें तथा संचालन शुरू कराएं। उन्होंने ड्रग वेयर हाउस बस्ती, सीएचसी बेलहरकला, पीएचसी बरईपार पठान तथा बांसी, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर के ड्रग वेयर हाउस का निर्माण निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है।
आयुक्त सोमवार को मंडलीय समीक्षा बैठक ले रहे थे। समीक्षा में पाया कि 102 नेशनल एंबुलेंस मंडल में 1200 तथा 108 एंबुलेंस 372 मरीजों को उपलब्ध नहीं करायी जा सकी। आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थित ढंग से एंबुलेंस संचालन का निर्देश दिया है। कहा कि गत माह तक मातृ मृत्यु 41 थी, जबकि इस माह तक यह संख्या 50 हो गयी है। उन्होंने नियमित रूप से इसका सोशल आडिट करने का निर्देश दिया है।
समीक्षा में उन्होंने पाया कि सीएचसी भानपुर एंव रुधौली में सिजेरियन प्रसव की संख्या शून्य है। जनपद सिद्धार्थनगर में ईडीएल की दवाओं की उपलब्धता कम हुई है। नयी पहल किट क्रय की संख्या शून्य है। सिद्धार्थनगर में सास-बहू सम्मेलन 454 हुए है, जो अन्य दोनों जनपदों के सापेक्ष काफी कम है। उन्होंने इसमें सुधार करने का निर्देश दिया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मंडल में कुल 12795 किसानों का डाटा सुधार करना है, जिसमें से लगभग आधा 6353 सिद्धार्थनगर जिले में किया जाना है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमित कृषकों की संख्या 23072 है। निराश्रित गोवंश बस्ती में 1128 व सिद्धार्थनगर में 1903 अभी भी संरक्षित करने के लिए शेष हैै। उन्होंने पशुओं में लंपी रोग से बचाव के प्रति जागरूकता के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
सरकारी विभागों के विद्युत बकाये की समीक्षा की। समीक्षा में सिद्धार्थनगर में 13 अवशेष पुल 31 मार्च 2023 तक पूरा करने का निर्देश दिया है। संचालन उप निदेशक अर्थ एंव संख्या अमजद अली अंसारी ने किया। इस मौके पर डीएम प्रियंका निरंजन, सिद्धार्थनगर के संजीव रंजन, सीडीओ जयेन्द्र कुमार, डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, अतुल मिश्रा, अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. चन्द्रप्रकाश कश्यप सहित मंडलीय अधिकारी मौजूद थे।