मौसम : बढ़ी ठिठुरन, दो दिन बाद बारिश के आसार
बस्ती। लगातार तीसरे दिन कंपकंपाती ठंड से लोग बेहाल रहे। बुधवार को भी कड़ाके की सर्दी से लोग दो चार हुए। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। कोहरे से राहत मिली तो बादलों ने डेरा जमा लिया। नतीजा यह रहा है कि दोपहर एक बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। डेढ़ बजे हल्की धूप निकली तो मानों जनमानस को संजीवनी मिल गई हो। तापमान 24 घंटे के उच्चतम 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा लेकिन बीच-बीच में चल रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन से ज्यादा राहत महसूस नहीं होने दी।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पछुआ हवाओं का दौर जब तक खत्म नहीं होगा तब तक कड़ाके की ठंड से राहत के आसार नहीं है। ऐसे में माना जा सकता है कि अगले दो-तीन दिनों तक मौसम सर्द बना रहेगा। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार बृहस्पतिवार को हल्के और शुक्रवार से रविवार तक घने बादल छाए रहने की संभावना है। रविवार 23 जनवरी को हल्की बारिश भी हो सकती है।
रविवार से ही जबरदस्त ठंड पड़ रही है लेकिन सोमवार को इसके तेवर में ओर भी ज्यादा तल्खी आ गई। सर्द पछुआ हवाओं ने कोढ़ में खाज का काम किया। दोपहर बाद धूप तो निकली लेकिन हवाओं के आगे बेअसर रही। मंगलवार को मौसम का सबसे कठिन दिन रहा। घने कोहरे के साथ सुबह हुई और पूरे दिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। जहां तक हो सका लोग घरों में दुबके पड़े रहे। बाइक से सड़क पर निकले लोगों को ठंड से ठिठुरते देखा गया। उम्मीद थी कि बुधवार को सुबह अच्छी धूप निकलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इस तरह करें ठंड का बचाव
शरीर के तापमान को संतुलित रखने के लिए गलती से भी भूखे पेट ना रहें। आप भरपेट खाना खाएं और ज्यादा गर्म या ठंडा पानी न पिएं। खाने में तिल, मूंगफली, ड्राईफ्रूट और अदरक का इस्तेमाल ज्यादा करें। ऐसे करने से आपका शरीर गर्म रहेगा। जिन लोगों को हार्ट और बीपी की दिक्कत है वे एकदम से सुबह ठंड में बाहर न जाएं। कमरे से बाहर निकलने से पहले गर्म कपड़े पहन लें। वहीं, सुबह उठने के बाद थोड़ा व्यायाम अवश्य करें लेकिन ज्यादा भारी एक्सरसाइज न करें। अगर आप रात में या सुबह में टहलने जाते हैं तो कान में ठंडी हवा न जाने दें।
खाने में नमक की मात्रा सीमित रखें। अलसी के बीज और तेल का भी इस्तेमाल करें।
सर्दी में प्यास कम लगती है, लेकिन आपको खूब पानी पीना चाहिए।
ठंड से बचने के लिए विटामिन सी का सेवन करें। इससे इम्युनिटी मजबूत होती है और ठंड का असर भी कम होता है। संतरा, नींबू, मौसमी और आंवला शामिल करें।