बस्ती। एमडीएम योजना के तहत कार्यरत रसोइयों का मार्च और अप्रैल का बकाया मानदेय का भुगतान कर दिया गया है। शासन ने अगस्त में दो किश्तों में एक करोड़ 65 लाख 22 हजार रुपये अवमुक्त किया है। इससे बकाया चल रहे 3750 रसोइयों के मार्च और अप्रैल के मानदेय का भुगतान हो सका है।
जनपद में एमडीएम योजना के तहत 5520 रसोइये कार्यरत हैं। बजट के अभाव में 3750 इनको मार्च से ही मानदेय नहीं मिल सका। इसको लेकर कई बार आंदोलन की स्थिति खड़ी हुई। लंबे इंतजार के बाद अगस्त में मानदेय मद में धन आवंटन हुआ। मगर यह केवल मार्च और अप्रैल तक के लिए ही है। इसके बाद चार महीने का मानदेय सभी रसोइयों का बकाया चल रहा है। 11 अगस्त को शासन से मानदेय के लिए 5522000 रुपये आवंटित हुए। इससे कुल 1770 रसोइयों का मार्च व अप्रैल का मानदेय 2000 रुपये प्रतिमाह की दर से किया गया। इसके बाद 28 अगस्त को दूसरी किश्त 1.10 करोड़ रुपये आवंटित हुए। शेष दो हजार रसोइयों का मार्च और अप्रैल तक का मानदेय भुगतान किया गया है। जिला समन्वयक एमडीएम अमित कुमार मिश्र ने बताया कि जिले के समस्त रसोइयों के अप्रैल तक का मानदेय भुगतान उनके खातों में कर दिया गया है, जबकि अन्य माह के मानदेय भुगतान के लिए शासन से बजट की मांग की गई है।