विक्रमजोत क्षेत्र के पचवस में डिवाइडर से टकराकर गाड़ी पलट गई।
हाईवे पर छावनी थानाक्षेत्र पचवस पेट्रोल पंप के सामने के फैजाबाद की तरफ जा रहे कंटेनर ट्रक के स्कार्पियो में साइड मार देने से वह डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार रिटायर्ड सीएमओ के परिवार के पांच लोग घायल हो गए। देवकाली फैजाबाद निवासी अवकाश प्राप्त सीएमओ व नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.राकेश प्रकाश पाण्डेय रविवार को अपनी पत्नी व तीन बच्चों सहित अपने पैतृक निवास हरैया के पिपरी संग्राम से लौट रहे थे।
पचवस के पास यह हादसा हो गया, जिसमें सभी घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सौ नंबर पर फोन करके पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस व एनएचएआई कर्मियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार हाईवे से हटाया। घायलों को इलाज के लिए फैजाबाद भेजा गया।