अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से सीमावर्ती हाईवे बंद कर दिया गया। इसके चलते रास्ते में जहां ट्रक फंस गए, वहीं, घर जा रहे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले की सीमा पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। समय से घर पहुंचने का मंसूबा पाले तमाम लोगों को परेशान होना पड़ा है।
जिले की सीमा पर स्थित घघौवा चौकी पर सुबह दस बजे अचानक अपर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह और सीओ हर्रैया सतीश चंद्र शुक्ल पहुंचे। इसके बाद दल-बल के साथ फोरलेन पर बैरियर लगाकर दोनो ओर से आने-जाने वाले वाहनों को रोक दिया। दीपावली के अवकाश के बाद घर जा रहे लोगों को आवागमन बाधित किए जाने से परेशानी उठानी पड़ी। भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया। जबकि छोटे वाहन और बाइकों को आने-जाने के लिए छोड़ा गया। इसके चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
थाना छावनी प्रभारी महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी और चौकी विक्रमजोत जयप्रकाश दूबे, एसआई हरीश सिंह और मदन गुप्ता पूरे दिन वाहनों के आवागमन रोकने में लगे रहे। यहां फंसे यात्रियों का कहना है कि मंगलवार को सड़क बंद होने की कहीं कोई सूचना पुलिस प्रशासन ने नहीं दी और अचानक मार्ग बंद कर दिया। इससे परेशान होना पड़ रहा है। बाइक वाले संपर्क मार्गों से निकल गए लेकिन चार पहिया चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। धीरे-धीरे लोग किसी तरह गंतव्य की ओर बढ़े।
गोटवा से कटरा तक लगा रहा एनएच पर जाम
बस्ती। अयोध्या में सीएम योगी के कार्यक्रम का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ा। लखनऊ और गोंडा सहित अन्य जनपदों को चार पहिया से यात्रा करने वालों को छह घंटे से अधिक जाम का सामना करना पड़ा। देर शाम तक गोटवा से लेकर कटरा तक एनएच जाम रहा। यह जाम दोपहर दो बजे से शुरू हुआ जो रात आठ बजे तक जारी रहा। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा रहा। परिवार के साथ दीपावली मनाने गोंडा जाने वाले सहायक आयुक्त वाणिज्यकर आलोक कुमार तिवारी और कृषि विभाग के पुनीत पांडेय सहित अन्य को जाम के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा।