बच्चों को खोजने में कानपुर, अयोध्या व बहराइच सहित कई जिलों में पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। दुर्गा देवी स्मारक इंटर कॉलेज कवलपुर से 12 फरवरी को एक साथ तीन किशोर लापता हैं। किशोरों को खोजने के लिए तीन दिन से कानपुर, अयोध्या व बहराइच सहित आसपास के जिलों में खाक छान रही पुलिस को बृहस्पतिवार को किशोरों का सुराग लग गया। पुलिस मौके पर रवाना हो गई है। हालांकि, एएसपी ओपी सिंह ने इसकी पुष्टि नहीं की। घर वाले भी कुछ बोलने से बच रहे हैं। जबकि ग्रामीणों की मानें तो पुलिस सबकुछ जान चुकी है।
जानकारी के अनुसार, छावनी पुलिस सहित एसओजी व अन्य टीमें तीन दिन से किशोरों की लोकेशन ट्रैस करने में जुटी रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्कूल से लापता हुए भूमि, प्रीति और प्रिंस के दोस्तों व परिजनों से पूछताछ से क्लू लिया गया है। बच्चों का लोकेशन जानने के लिए टीम दिन-रात एक किए हुए है। इसका परिणाम एक-दो दिन में मिल जाएगा।
पुलिस के अनुसार, किशोरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज से सबकुछ जाना जा सकता था। मगर, स्कूल व आसपास के सभी कैमरे जांच में खराब पाए गए हैं। लापता किशोरों के पिता व रिश्तेदार फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से तलाश कर रहे हैं।
एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि किशोरों की तलाश में पुलिस सभी संभावित स्थानों पर लगातार नजर रख रही है। टीमों को कई जिलों में भेजा गया है। मगर, अभी उनका लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाया है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में किशोरों को खोज लिया जाएगा।