एथलेक्टिस सेंटर खोलने का रास्ता साफ
शुरू हुई प्रशिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया
एथलेक्टिस समिति की बैठक में औपचारिकताएं पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। स्टेडियम में खेलो इंडिया के तहत एथलेटिक्स सेंटर खोलने का रास्ता साफ हो गया है। खेल मंत्रालय सेंटर खोलने के लिए हरी झंडी दे चुका है। जल्द ही सेंटर संचालित करने की अन्य औपचारिकताएं पूरी कर लिए जाने का दावा किया जा रहा है। प्रशिक्षक की नियुक्ति के लिए खेल विभाग ने निदेशालय से पत्राचार किया गया है। खेलो इंडिया के तहत ओलंपिक खेलों के प्रशिक्षण दिए जाते हैं। एथलेक्टिस में दिलचस्पी रखने वाले युवाओं के सपनों को अब पंख लगने की उम्मीद बढ़ गई है। अमर शहीद सत्यवान सिंह क्रीड़ा स्टेडियम में जल्द ही खेलो इंडिया के तहत एथलेक्टिस का प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाएगा। स्टेडियम से अब राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलेक्टिस निकलने की राह आसान होगी। इस बाबत डीएम सौम्या अग्रवाल ने बीते जुलाई महीने में समिति गठित कर औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया था। यह समिति प्रशिक्षक और प्रशिक्षुओं का चयन करने के साथ अन्य गतिविधियों की कार्य योजना तैयार कर लागू करने का काम करेगी। समिति में डीएम की ओर से नामित एक अधिकारी अध्यक्ष, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सचिव, जिला विद्यालय निरीक्षक, भारतीय खेल प्राधिकरण और एथलेटिक्स संघ का एक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। आरएसओ संजय शर्मा ने बताया कि समिति की पहली बैठक हो चुकी है। इसमें सभी नामित सदस्यों व पदाधिकारियों की सहमति से प्रशिक्षक की नियुक्ति की औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। नियुक्ति की फाइल तैयार कर निदेशालय भेजी जा चुकी है। प्रशिक्षक की नियुक्ति होते ही एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर शुुरू कर दिया जाएगा।