वार्डों में संक्रामक रोग फैलने का खतरा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती) । नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 अटल नगर व वार्ड नंबर एक में गंदगी फैली है। इसके अलावा कई मोहल्लों में कचरा बिखरा हुआ है। नालियां गंदगी से बजबजा रही है। लोग बदबूदार माहौल से परेशान हैं। नगर में कई जगह नालियों की सफाई न होने के कारण गंदे पानी में घुस कर आने-जाने को मजबूर हैं। नालियों से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वार्डों में संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है।
वार्ड नंबर 4 अटल नगर निवासी दशरथ, घनश्याम, बृजेश, बिरजू, पन्ने आदि ने बताया कि नाली न होने से लोगों के घरों से निकला हुआ पानी सड़क पर पसरा रहता है। वार्ड नंबर एक में तो बनी नालियों की महीनों से सफाई न होने से जलनिकासी नहीं हो पा रही है। वार्ड नंबर चार अटल नगर की सभासद कांती देवी ने बताया कि दो बार सर्वे हो चुका है, लेकिन आवश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिलता।