स्वच्छता रैली निकाली, दस्तक अभियान शुरू
बस्ती। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान माह का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज से स्वच्छता रैली निकाल कर किया गया।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक संजय प्रताप जायसवाल, डीएम आशुतोष निरंजन, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्कर मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। स्वच्छता रैली में नगर पालिका के सफाई कर्मी, सफाई नायक, सफाई वाहन शामिल रहे। उन्होंने अपने-अपने वार्ड में जाकर सफाई की। राजकीय इंटर कॉलेज के एक कक्ष में संचारी रोग नियंत्रण से संबंधित टीकाकरण सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों को जेई के टीके लगाए गए। पोलियो से बचाव के लिए ड्राप पिलाई गई व स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए।
इस दौरान सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि अभियान के तहत शहर व ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता के विशेष कार्यक्रम किए जाएंगे। बताया कि पिछले तीन वर्षों में यह अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा चुका है। कप्तानगंज सीएचसी के अंतर्गत तिलकपुर में विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ल ने टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन किया। यहां पर एएनएम ने बच्चों को जेई से बचाव के लिए टीके लगाए। पोलियो से बचाव के लिए ड्राप पिलाई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र, ईओ नगरपालिका अखिलेश त्रिपाठी, एसीएमओ डॉ सीके वर्मा, डॉ. सीएल कन्नौजिया, मलेरिया अधिकारी डॉ. आईए अंसारी, डॉ. बृजभूषण मौर्या, शोध अधिकारी मनीष मिश्रा आदि मौजूद रहे।