गौर। सदर विकास क्षेत्र के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय परसा जागीर में बुधवार को डीसी मनरेगा संजय शर्मा ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दाैरान उन्हें विद्यालय संतोषजनक स्थिति में मिला। इस दाैरान उन्होंने छात्रों से संवाद भी किया। कक्षा एक के छात्र हिमांशु ने 19 का पहाड़ा सुनाया तो वह काफी खुश हो गए और छात्र की जमकर तारीफ की।
निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा संजय शर्मा ने विद्यालय में संचालित हो रहे कंप्यूटर कक्ष, एलबीडी, बाल वाटिका, पोषण वाटिका, इको गार्डन, पुस्तकालय कक्ष सहित विद्यालय परिसर में लगाए गए अनेक प्रजाति के पौधों के बारे में अध्यापकों से एक-एक कर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित करते हुए कई सवाल जवाब किए और कुछ सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे जिनका बच्चों ने बेबाक उत्तर दिया। कक्षा एक के छात्र हिमांशु ने तीन, 14, 17 और 19 का पहाड़ा सुनाया तो वह काफी गदगद हो गए और कहा कि जिस तरह से बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक जीवन में सामान्य ज्ञान की महत्वपूर्ण बातों को साझा किए हैं, निश्चित तौर पर ये बच्चे आगे चलकर कामयाब होंगे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. शिव प्रसाद ने कहा कि विद्यालय का हर एक शिक्षक बच्चों के शिक्षा के प्रति हमेशा अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हैं, जिसका परिणाम है कि यह विद्यालय पीएमश्री विद्यालय के श्रेणी में है और यहां के बच्चे अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर नाम रोशन कर रहे हैं। इस मौके पर ग्राम प्रधान राम मूरत, शिक्षक अभिषेक कुमार, राजेश कुमार, अख्तरून निशा, अवंतिका उपाध्याय, आंचल पाल, मयंक आदि मौजूद रहे।