बस्ती। ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते 20 मई से परिषदीय विद्यालय बंद हो जाएंगे। इस अवकाश में बच्चे नवीन सत्र से लेकर 19 मई तक पढ़ाए गए विषय भूल न जाए इसको लेकर परिषदीय स्कूलों के बच्चों को गृहकार्य दिया जाएगा। इससे गर्मी की छुट्टियों में भी बच्चों को पढ़ाई करनी होगी।
जिले में प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, कंपोजिट समेत कुल 2035 परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें डेढ़ लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। नवीन सत्र में पंजीकृत हुए छात्र-छात्राओं के अलावा पहले से पंजीकृत बच्चों को छुट्टी में स्कूली कामकाज दिया जाएगा। विभाग ने इसको लेकर तैयारी तेज कर दी है। बीएसए अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि अमूमन देखा गया है कि बिताई गई छुट्टियों में बच्चे जो कुछ भी पढ़ते हैं वह सब भूल जाते हैं। इससे शिक्षकों को दोहरा परिश्रम करना पड़ता है।
इस बार बच्चों को विषय के हिसाब से उन्हें कोर्स और प्रोजेक्ट दिया जाएग। इसे गर्मियों की छुट्टी में ही पूरा करना होगा। छुट्टियों के बाद जब दोबारा स्कूल खुलेंगे तो बच्चों के इस कार्य को शिक्षक चेक करेंगे। उनका कहना है कि 19 मई को पढ़ाई के बाद 20 मई से स्कूल बंद होंगे। बच्चों को स्कूल शिक्षक की तरफ से प्रोजेक्ट दिया जाएगा, जिसे छुट्टियों में पूरा करना होगा।
बच्चों का शिक्षा और स्कूल के प्रति लगाव बना रहे, इसको लेकर यह निर्णय लिया गया है। संवाद