बस्ती। पढ़ाई के साथ ही खेलों में बच्चों को निपुण बनाने के लिए नए सत्र में विशेष जोर दिया गया है। परिषदीय विद्यालयों में प्रतिदिन खेल की गतिविधियां सुनिश्चित की जाएंगी। खेल सामग्री की खरीद के लिए स्पोर्ट्स ग्रांट जारी होगा। विद्यालयों में पारंपरिक खेलों के साथ एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
परिषदीय विद्यालयों में नये सत्र से खेल को और भी बढ़ावा दिया जाएगा। खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए फिट इंडिया के तहत परिषदीय विद्यालयों में समय समय पर अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। इसमें विजयी बच्चों को प्रदेश स्तर तक खेलने का मौका मिलेगा। पाठ्यक्रम में एक भाग के रूप में पीटी, खो खो समेत अन्य खेल क आयोजन किया जाएगा। बच्चों को पहले विकास खंड स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। इसके बाद जनपद, मंडल और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित किया जाएगा। निपुण भारत मिशन एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बच्चों को शिक्षा के साथ ही खेल में भी निपुण बनाया जाएगा।
-
नए सत्र में विद्यालयाें में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। शिक्षा के साथ ही बच्चों को खेल में भी निपुण बनाने की योजना है। इसके लिए खेल में अंतरविद्यालयीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। फिट इंडिया के तहत खेल खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए खंड विकास स्तर से प्रदेश स्तर तक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।- अनूप कुमार, बीएसए