बस्ती। 11 सितंबर से आयोजित मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत टीकाकरण से वंचित बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा। विकास भवन सभागार में स्वास्थ्य विभाग व सहयोगी संस्था यूनिसेफ ने बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। विकास भवन के सभागार में सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ। इसी के साथ लगभग 500 परिवारों को नियमित टीकाकरण के फायदे व टीका न लगवाने से होने वाले नुकसान बताकर टीकाकरण कराया जाएगा।
सीडीओ ने कहा कि हर हाल में शत प्रतिशत बच्चों को प्रतिरक्षित किया जाना है। डीआईओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि 11 सितंबर से विशेष टीकाकरण कार्यक्रम मिशन इंद्रधनुष संचालित किया जा रहा है। जो बच्चे किसी कारण से नियमित टीकाकरण से छूट गए हैं, या किसी बच्चे को कोई विशेष टीका नहीं लगा है, उन्हें यह टीका लगाया जाएगा।
यूनिसेफ के मंडलीय कोआर्डिनेटर मनोज कुमार श्रीवास्तव, यूनिसेफ की डीएमसी नीलम व यूएनडीपी के कोल्ड चेन प्रबंधक हरेंद्र मिश्रा ने टीकों को सुरक्षित रखने के तरीके के बारे में बताया। नगरीय स्वास्थ्य के नोडल ऑफिसर डॉ. एके कुशवाहा, जिला समन्वयक नगरीय स्वास्थ्य सचिन चौरसिया, सभी ब्लॉकों के बीपीएम, बीसीपीएम, सुपरवाइजर व मेडिकल ऑफिसर मौजूद रहे।